वाराणसी स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान: नो पार्किंग, चेन पुलिंग और गंदगी फैलाने पर 15 के खिलाफ कार्रवाई

 

वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा 25 फरवरी 2026 को स्टेशन वाराणसी पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफार्म और टिकट घर परिसर की सघन जांच की गई।

इस दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दिया गया खाद्य पदार्थ या पेय ग्रहण न करें, ताकि जहरखुरानी जैसी घटनाओं से बचा जा सके। यात्रा के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल डायल 139 पर सूचना देने को कहा गया। साथ ही ट्रेनों में अनावश्यक चेन पुलिंग न करने और रेलवे सुरक्षा बल का सहयोग करने की भी अपील की गई। कंट्रोल रूम से CCTV कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है।

निरीक्षक संदीप कुमार यादव के निर्देशन में स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफार्म पर आने-जाने वाली ट्रेनों में विशेष चेकिंग की गई। महिला एवं दिव्यांग कोच में अन्य यात्रियों को न बैठने की सख्त हिदायत दी गई।

 रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई

अभियान के दौरान विभिन्न धाराओं में कुल 15 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई:

धारा 159: सर्कुलेटिंग एरिया के नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर 08 वाहन चालकों के विरुद्ध मामला दर्ज।

धारा 141: गाड़ी संख्या 11059 सारनाथ एक्सप्रेस में प्लेटफार्म नंबर 03 पर चेन पुलिंग करने पर 01 व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

धारा 145: रेल परिसर में गंदगी फैलाने व प्लेटफार्म पर न्यूसेंस करने के आरोप में कुल 04 व्यक्तियों पर कार्रवाई।

धारा 144: मेन एंट्री इनगेट पर ठेला लगाकर अवैध वेंडिंग करने के आरोप में 02 व्यक्तियों के खिलाफ मामला पंजीकृत।

रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।