Independence Day 2026: पीएम मोदी के संसदीय जनसंपर्क व बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान के साथ गूंजे भारत माता के जयकारे, विकसित भारत का लिया संकल्प
वाराणसी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जवाहर नगर एक्सटेंशन, भेलूपुर स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय और रोहनिया स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोनों स्थानों पर राष्ट्रध्वज फहराए जाने के साथ ही देशभक्ति का माहौल नजर आया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रगान गाया तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पर देशभक्ति के नारों से गूंजा परिसर
भेलूपुर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में ध्वजारोहण के बाद देशभक्ति गीतों की धुन के बीच भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की।
इस दौरान क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र राय, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, पूर्व एमएलसी केदारनाथ सिंह, संसदीय कार्यालय प्रभारी शिवशरण पाठक, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय और क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर विकसित भारत का संकल्प
रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली है। 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि आजादी और तिरंगे के गौरव के पीछे अनगिनत वीरों के त्याग की गाथा है। जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने विज्ञान, तकनीक, खेल और आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आजादी के साथ नागरिकों की जिम्मेदारियां भी जुड़ी हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री राकेश शर्मा, राजेश राजभर, मीना चौबे, डॉ. सुजीत सिंह, नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, संतोष सोलापुरकर, श्रीप्रकाश शुक्ला, संजय सोनकर, नम्रता चौरसिया, निर्मला सिंह पटेल, पूजा दीक्षित, सुनीता सिंह, उत्तम ओझा, गणपति यादव, शैलेंद्र मिश्रा, अजय सिंह मुन्ना सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।