वाराणसी में ओला-रैपिडो की आड़ में निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों से ढो रहे थे सवारियां, पुलिस ने 20 बाइक सीज कर चालकों को हिरासत में लिया
वाराणसी। शहर में यातायात जाम का सबब बन रहे अवैध बाइक टैक्सी चालकों के खिलाफ चौक पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने सादे कपड़ों में खुद ग्राहक बनकर अवैध बाइक टैक्सी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने ओला, रैपिडो और अन्य राइड-हेलिंग एप के नाम पर बिना वैध परमिट के सवारियां ढो रहे 20 दोपहिया वाहनों को सीज कर चालकों को हिरासत में लिया।
चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला के मुताबिक, पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि चौक थाना क्षेत्र की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर निजी नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन अवैध रूप से सवारियां ढो रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे थे।
शिकायतों की पुष्टि के लिए इंस्पेक्टर ने सादे कपड़ों में ग्राहक बनकर एक बाइक टैक्सी बुक की। जैसे ही चालक सवारी बैठाने के लिए मौके पर पहुंचे, पहले से मुस्तैद दालमंडी चौकी प्रभारी और कर्णघंटा चौकी प्रभारी की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, चालक निजी नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे थे और ओला, रैपिडो जैसे राइड-हेलिंग एप के नाम पर सवारियां ढो रहे थे। जांच में बिना वैध परमिट के बाइक टैक्सी संचालन का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस ने 20 वाहनों को सीज कर चालकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बाइक टैक्सी संचालकों में खलबली मची है।