मिर्जामुराद में दोस्त ने दोस्त को कुएं में फेंककर की हत्या की कोशिश, मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में दोस्ती को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवक पर अपने ही दोस्त को बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले जाने, गला दबाकर हत्या का प्रयास करने और उसे कुएं में फेंक देने का आरोप लगा है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरसोस गांव निवासी प्रकाश चन्द्र ने मिर्जामुराद थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनका पुत्र विवेक कुमार पटेल 28 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे लहूलुहान और बदहवास हालत में घर पहुंचा। सूचना पर डायल-112 पुलिस भी मौके पर पहुंची। विवेक ने बताया कि हरपुर निवासी सराफत अली उसे रात करीब 9:30 बजे किसी काम का बहाना बनाकर बाइक से अपने साथ ले गया। आरोप है कि क्षेत्र के मेहंदीगंज के पास रिंग रोड किनारे स्थित एक कुएं के पास पहुंचने पर आरोपी ने पीछे से गमछे से उसका गला कस दिया। विरोध करने पर उसके चेहरे पर मुक्का मारकर बेहोश कर दिया।
तहरीर के मुताबिक, होश आने पर विवेक ने खुद को लहूलुहान हालत में कुएं के अंदर पाया। शोर मचाने पर आरोपी वहीं मौजूद मिला और कथित तौर पर कहा कि वह उसे मृत समझकर कुएं में फेंक गया था। पीड़ित का आरोप है कि काफी गुहार लगाने के बाद करीब एक घंटे बाद आरोपी वापस आया और साड़ी के सहारे उसे कुएं से बाहर निकाला। आरोप है कि आरोपी ने इलाज के लिए 10 हजार रुपये देने की बात कही और घटना की जानकारी किसी को देने पर दोबारा जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद परिजनों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने युवक का मोबाइल फोन और पर्स गायब होने का भी आरोप लगाया है। मिर्जामुराद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा का कहना रहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।