काशी में 8 मिनट 30 सेकेंड में 851 नारियल फोड़कर धर्मेंद्र राजभर ने बनाया रिकॉर्ड, कौशल देखने उमड़ी भीड़ 

नारियल फोड़ने के अनोखे करतब से पहचान बना चुके बाहुबली धर्मेंद्र राजभर ने रविवार को काशी में अपने प्रदर्शन से लोगों को हैरत में डाल दिया। परमपुर के नरैचा में केसरी नंदन अखाड़े की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने महज 8 मिनट 30 सेकेंड में मुक्के से 851 नारियल फोड़ने का दावा किया। करतब देखने के लिए सुबह से ही हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे कार्यक्रम स्थल पर जुटे रहे। प्रदर्शन पूरा होते ही मैदान तालियों और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
 

वाराणसी। नारियल फोड़ने के अनोखे करतब से पहचान बना चुके बाहुबली धर्मेंद्र राजभर ने रविवार को काशी में अपने प्रदर्शन से लोगों को हैरत में डाल दिया। परमपुर के नरैचा में केसरी नंदन अखाड़े की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने महज 8 मिनट 30 सेकेंड में मुक्के से 851 नारियल फोड़ने का दावा किया। करतब देखने के लिए सुबह से ही हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे कार्यक्रम स्थल पर जुटे रहे। प्रदर्शन पूरा होते ही मैदान तालियों और हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री हंसराज विश्वकर्मा शामिल हुए। धर्मेंद्र राजभर ने करीब दो महीने पहले चुनौती दी थी कि जो भी नौ मिनट में 851 नारियल फोड़ सकता है, वह प्रतियोगिता में हिस्सा ले। इसके लिए एक ट्रैक्टर और 25 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। धर्मेंद्र राजभर ने बताया कि वह जर्मनी में दर्ज रिकॉर्ड को तोड़ना चाहते हैं। इसके लिए लगातार अभ्यास कर रहे हैं। गुरु के सवाल पर उन्होंने खुद को एकलव्य बताते हुए कहा कि वह हनुमान जी के भक्त हैं और उन्हीं से प्रेरणा लेते हैं।

मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने धर्मेंद्र राजभर की प्रतिभा गाजीपुर में देखी थी और वाराणसी में कार्यक्रम कराने का वादा किया था। आयोजन समिति के सुरेश के अनुसार, कई महीने से इसकी तैयारी चल रही थी। प्रदर्शन के बाद धर्मेंद्र राजभर को 25 लाख रुपये का चेक और एक ट्रैक्टर देकर सम्मानित किया गया।