खबर का असर: रविदास पार्क के पास सीवर जाम खुला, गंदगी से मिली राहत

शहर के सिर गोवर्धनपुर स्थित रविदास पार्क के पास पिछले कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान हो गया है। Live VNS की ओर से इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया गया था। इसके बाद महकमा हरकत में आया और सफाई अभियान शुरू कराया गया। 
 

वाराणसी। शहर के सिर गोवर्धनपुर स्थित रविदास पार्क के पास पिछले कई दिनों से सीवर ओवरफ्लो की समस्या का समाधान हो गया है। Live VNS की ओर से इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित किया गया था। इसके बाद महकमा हरकत में आया और सफाई अभियान शुरू कराया गया। 

सड़क पर लगातार बह रहे गंदे पानी और बदबू से राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। हालात इतने खराब हो चुके थे कि लोगों को मजबूरी में सीवरयुक्त पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा था, जिससे संक्रमण और बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया था।

स्थानीय नागरिकों का कहना था कि सीवर लाइन जाम होने के कारण क्षेत्र में नारकीय स्थिति बन गई थी। सड़क पर फैली गंदगी से न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा था, बल्कि आसपास की दुकानों पर भी इसका असर पड़ रहा था। कई दुकानदारों ने बदबू और गंदगी के कारण ग्राहकों की संख्या कम होने की शिकायत की थी। लोगों ने संबंधित विभाग से कई बार शिकायत भी की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।

इसके बाद हमारे न्यूज़ चैनल ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए खबर का प्रसारण किया। खबर सामने आने के बाद नगर निगम और जलकल विभाग सक्रिय हुआ। विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सीवर लाइन में जाम की समस्या सामने आई, जिसके बाद तत्काल सफाई अभियान शुरू कराया गया।

कई घंटों तक चली मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने सीवर लाइन की सफाई कर जाम हटाया, जिसके बाद सड़क पर बह रहा गंदा पानी बंद हो गया। समस्या के समाधान के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि लंबे समय बाद इलाके को गंदगी और बदबू से राहत मिली है।