आईआईटी बीएचयू के छात्रों के लिए जापान में करियर के रास्ते खुले, टैलेंडी होल्डिंग्स से हुआ एमओयू
वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) के विद्यार्थियों को जापान और अन्य अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप एवं रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इस दिशा में आईआईटी (बीएचयू) और टैलेंडी होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। साझेदारी के जरिए संस्थान और उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर करियर के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने समझौते को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि टैलेंडी के साथ साझेदारी से जापानी उद्योगों के साथ संस्थान का जुड़ाव और मजबूत होगा। विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटर्नशिप, रोजगार तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के साथ काम करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि संस्थान ऐसे औद्योगिक संबंध विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो विद्यार्थियों को वैश्विक करियर के लिए तैयार करने में मददगार हों।
एमओयू के तहत इंटर्नशिप, प्लेसमेंट और हैकाथॉन के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा। टैलेंडी की ओर से आईआईटी (बीएचयू) और विद्यार्थियों को उसका टैलेंडी पोर्टल निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और रोजगार से संबंधित अवसर एक ही स्थान पर मिल सकेंगे। आवेदन से लेकर इंटर्नशिप और संभावित प्री-प्लेसमेंट ऑफर (पीपीओ) तक की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में पोर्टल की भूमिका होगी।
साझेदारी के तहत टैलेंडी आईआईटी (बीएचयू) के साथ मिलकर इंटर्नशिप प्रक्रिया में दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा। पोर्टल की कार्यप्रणाली संस्थान की प्लेसमेंट नीतियों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को जापानी कंपनियों तक पहुंच बनाने और अपनी तकनीकी क्षमता के अनुरूप अवसर तलाशने में मदद मिलेगी।
एमओयू के अवसर पर आईआईटी (बीएचयू) के डीन (आरएंडडी) प्रो. राजेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज आउटरीच एवं इंडस्ट्री रिलेशंस तथा समन्वयक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. केपी सरावडेकर एवं प्रो. सूर्य देव यादव, एसोसिएट डीन (आरएंडडी) डॉ. प्रदीप पाइक और उप कुलसचिव डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
टैलेंडी की ओर से संस्थापक एवं सीईओ नाओताका निशियामा, निदेशक (पब्लिक अफेयर्स) एई मिनामिजाकी और मैनेजर (कस्टमर सक्सेस) केंजी अराई ने सहभागिता की। बताया गया कि टैलेंडी प्लेटफॉर्म को 2020 से 2022 के बीच आयोजित इंडिया-जापान वर्किंग ग्रुप सत्रों में हुई चर्चाओं के आधार पर विकसित किया गया था। इन सत्रों में जापान के मिनिस्ट्री ऑफ इकोनॉमी, ट्रेड एंड इंडस्ट्री (METI), टोक्यो स्थित भारतीय दूतावास, प्रमुख भारतीय शिक्षण संस्थानों और जापानी कंपनियों ने विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप व रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया था। यह साझेदारी आईआईटी (बीएचयू) के विद्यार्थियों को जापान और वैश्विक तकनीकी क्षेत्र से जोड़ने में अहम कड़ी साबित हो सकती है।