एशिया कप में शानदार जीत के बाद वाराणसी पहुंचे हॉकी खिलाड़ी राहुल यादव का सीरगोवर्धनपुर में भव्य स्वागत, निकाला जुलूस
वाराणसी। अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले युवा खिलाड़ी राहुल यादव के प्रथम काशी आगमन पर रविवार को भव्य स्वागत किया गया। सीर गोवर्धनपुर निवासी राहुल यादव की उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। कैंट रेलवे स्टेशन से लेकर लंका, भगवानपुर, छित्तूपुर और सीर गोवर्धनपुर तक उनके सम्मान में विशाल स्वागत जुलूस निकाला गया।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही खेल प्रेमियों, समर्थकों और स्थानीय नागरिकों ने राहुल यादव का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूरे मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई तथा लोगों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी व्यक्त की। ढोल-नगाड़ों की गूंज, डीजे की धुनों और देशभक्ति नारों के बीच निकले इस जुलूस ने पूरे क्षेत्र को उत्साह और गौरव के रंग में रंग दिया। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
स्वागत यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं और खेल प्रेमियों ने भाग लिया। कई स्थानों पर आतिशबाजी कर राहुल की सफलता का जश्न मनाया गया। सीर गोवर्धनपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। महिलाओं ने आरती उतारकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया, जबकि बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राहुल यादव ने अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर न केवल अपने गांव और वाराणसी का, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और खेलों के प्रति नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का उत्साह देगी।
कार्यक्रम में अमन यादव, क्षेत्रीय पार्षद राम सिंह, कल्लू पहलवान, पूर्व हॉकी खिलाड़ी कमलेश यादव, राघवेंद्र राय, दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने राहुल यादव को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की कामना की।