राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर हिंदू युवा वाहिनी का शिविर. 62 यूनिट रक्तदान, डॉ. सौरभ मौर्य ने 234वीं बार किया ब्लड डोनेशन
वाराणसी। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर हिंदू युवा वाहिनी की ओर से लहुराबीर स्थित आईएमए ब्लड बैंक के हॉल में बुधवार को वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 62 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। विभिन्न समुदायों के लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक सौहार्द और मानवता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या तथा विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक डॉ. सत्यनारायण संखवार और आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन मौजूद रहे। शिविर के शुभारंभ से पहले आयोजकों की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी भास्कर तिवारी, मंडल अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ सुनीता सोनी और जिला अध्यक्ष समर बहादुर सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
234वीं बार रक्तदान कर दिया संदेश
शिविर का प्रमुख आकर्षण हिंदू युवा वाहिनी के जिला प्रवक्ता एवं साधना फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मौर्य का रक्तदान रहा। उन्होंने अपना 234वां रक्तदान किया। नियमित रूप से रक्तदान करने वाले डॉ. मौर्य ने लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिविर में राजू सोनी, अभिषेक राय, विशाल शुक्ला, मिथुन विश्वकर्मा, आकाश यादव, अंकित पांडेय, राजन मौर्य, गोलू कुमार, शिव सोनकर, दीपक राय, रितिक मौर्य, अरुण मौर्य, वारिस अहमद, इंद्रदेव सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया।
रक्त का नहीं होता कोई धर्म
शिविर में विभिन्न समुदायों के लोगों की भागीदारी सामाजिक एकता का संदेश बनी। आयोजकों ने कहा कि रक्त का कोई धर्म नहीं होता। जरूरतमंद मरीज के लिए रक्त जीवन बचाने का माध्यम है। रक्तदान के दौरान जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर मानवता की भावना सामने आती है। अतिथियों और आयोजकों ने लोगों से नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। हिंदू युवा वाहिनी और साधना फाउंडेशन की ओर से रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकीय टीम और शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया गया।