हज के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, वाराणसी में बनाए गए 15 सहायता केंद्र
हज-2027 की तैयारी शुरू हो गई है। हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से प्रारंभ कर दी गई है। आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी में हज कमेटी की ओर से 15 सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां आवेदकों को फॉर्म भरने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में मदद दी जाएगी।
वाराणसी। हज-2027 की तैयारी शुरू हो गई है। हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून से प्रारंभ कर दी गई है। आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वाराणसी में हज कमेटी की ओर से 15 सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां आवेदकों को फॉर्म भरने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में मदद दी जाएगी।
हज कमेटी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा सहायता केंद्रों पर जाकर भी आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
पूर्वांचल हज सेवा समिति के अध्यक्ष हाजी रईस अहमद ने बताया कि इस वर्ष हज आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क डिजिटल माध्यम से जमा करना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए आवेदकों को ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम हो सके।
उन्होंने बताया कि चयनित जायरीन के पहले चरण की यात्रा के लिए 1,52,300 रुपये की पहली किस्त जमा करानी होगी। हज यात्रा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय सीमा के भीतर आवेदन और भुगतान करना आवश्यक होगा।
हज कमेटी ने सभी इच्छुक आवेदकों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी से बचा जा सके। साथ ही आवेदकों को केवल आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप या अधिकृत सहायता केंद्रों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।