एयर शो देखने पहुंचे चार दर्शकों की बिगड़ी तबीयत, 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
वाराणसी। गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना का एयर शो देखने पहुंचे दर्शकों की तबीयत बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। गुरुवार को विभिन्न घाटों और आसपास के क्षेत्रों में अस्वस्थ हुए चार लोगों को 108 एंबुलेंस की मदद से श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय (एसएसपीजी) पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच और उपचार के बाद सभी मरीजों की स्थिति सामान्य बताई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह के निर्देशन में एयर शो के दौरान स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमें और 108 एंबुलेंस सेवा सक्रिय रहीं। जिला प्रभारी मनोज कुमार सिंह के अनुसार, केदारघाट पर निर्मल देव (25), गोदौलिया में संजय प्रजापति (35) और विकास प्रजापति (22) तथा राजघाट पर मनीष सिंह (50) की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
राजघाट पर कम हुआ रक्तचाप
राजघाट पर एयर शो देखने पहुंचे एक अन्य दर्शक का रक्तचाप कम हो गया। मौके पर तैनात मेडिकल टीम ने उन्हें आवश्यक दवाएं और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। इसके बाद उन्हें भी एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।
आपात स्थिति के लिए मुस्तैद रहीं टीमें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने बताया कि एयर शो के दौरान दर्शकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए थे। आपात स्थिति में तत्काल उपचार और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए मेडिकल टीमें तथा एंबुलेंस सेवा सक्रिय रखी गईं। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास रहा कि जरूरत पड़ने पर दर्शकों को समय से चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।