काशी में बनेंगे चार नए चटोरी चौक, मैदागिन में काम शुरू, कैंटोनमेंट, कबीर नगर और लहरतारा में भी मिलेगी सुविधा

बनारसी खानपान की पहचान को नया मंच देने और स्ट्रीट फूड कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम शहर में चार नए चटोरी चौक विकसित करने जा रहा है। सारनाथ में पहले चटोरी चौक की सफलता के बाद दूसरे चरण में मैदागिन, कैंटोनमेंट, कबीर नगर और लहरतारा का चयन किया गया है। इनमें मैदागिन में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि अन्य तीन स्थानों पर भी जल्द काम शुरू कराया जाएगा। इन फूड स्ट्रीट के तैयार होने से शहरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण में काशी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिल सकेगा।
 

सारनाथ के 45 दुकानों वाले फूड स्ट्रीट की सफलता के बाद नगर निगम ने बढ़ाया दायरा, खाली जमीनों को संवारकर मिलेगा बनारसी जायके का ठिकाना

वाराणसी। बनारसी खानपान की पहचान को नया मंच देने और स्ट्रीट फूड कारोबार को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम शहर में चार नए चटोरी चौक विकसित करने जा रहा है। सारनाथ में पहले चटोरी चौक की सफलता के बाद दूसरे चरण में मैदागिन, कैंटोनमेंट, कबीर नगर और लहरतारा का चयन किया गया है। इनमें मैदागिन में निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि अन्य तीन स्थानों पर भी जल्द काम शुरू कराया जाएगा। इन फूड स्ट्रीट के तैयार होने से शहरवासियों और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण में काशी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मिल सकेगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिखरे स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को एक व्यवस्थित मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परियोजना का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत खाली और उपेक्षित पड़ी सार्वजनिक जमीनों का कायाकल्प कर उन्हें आकर्षक फूड स्ट्रीट के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे छोटे दुकानदारों को रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा और सड़क किनारे लगने वाली अव्यवस्थित दुकानों से होने वाली परेशानी भी कम होगी।

इससे पहले सारनाथ में 45 दुकानों के साथ चटोरी चौक विकसित किया गया था। स्थानीय लोगों के साथ देशी-विदेशी पर्यटकों के बीच यह काफी लोकप्रिय हो रहा है। यहां एक ही परिसर में चाट, कचौड़ी, कुल्हड़ चाय सहित काशी के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद उपलब्ध है। नगर निगम ने यहां स्वच्छ शौचालय, वॉशरूम, बैठने की व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं।

नगर निगम का मानना है कि इसी मॉडल को शहर के चार अन्य प्रमुख स्थानों पर लागू करने से स्ट्रीट फूड कारोबार को नई पहचान मिलेगी। साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगने वाली दुकानों और अतिक्रमण में कमी आने से यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में बनारसी जायके का आनंद उपलब्ध कराना नगर निगम का लक्ष्य है। नए चटोरी चौक बनने से स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा और शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।