पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा की पत्नी चेनम्मा देवगौड़ा का काशी में पिंडदान, दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना 

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेनम्मा देवेगौड़ा के निधन के बाद बुधवार को वाराणसी में उनके छोटे बेटे डॉ. एच.डी. रमेश गौड़ा ने गंगा घाट पर विधि-विधान से पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. सौम्या रमेश गौड़ा भी मौजूद रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पिंडदान सहित अन्य धार्मिक रस्में पूरी की गईं।
 

वाराणसी। पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेनम्मा देवेगौड़ा के निधन के बाद बुधवार को वाराणसी में उनके छोटे बेटे डॉ. एच.डी. रमेश गौड़ा ने गंगा घाट पर विधि-विधान से पिंडदान और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. सौम्या रमेश गौड़ा भी मौजूद रहीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पिंडदान सहित अन्य धार्मिक रस्में पूरी की गईं।

चेनम्मा देवेगौड़ा का 18 जुलाई को बेंगलुरु में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की ओर से उनकी आत्मा की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को डॉ. एच.डी. रमेश गौड़ा काशी पहुंचे और पवित्र गंगा तट पर निर्धारित विधि के अनुसार पिंडदान किया।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान परिवार के सदस्यों और साथ आए लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गंगा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान में काशी की धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिली। चेनम्मा देवेगौड़ा के बड़े बेटे एच.डी. कुमारस्वामी वर्तमान में केंद्र सरकार में भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री हैं। हालांकि, पारिवारिक धार्मिक परंपरा के तहत उनकी ओर से छोटे बेटे डॉ. एच.डी. रमेश गौड़ा ने वाराणसी पहुंचकर पिंडदान की रस्म निभाई।

इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर के पूर्व राजनीतिक सचिव रहे एच.एन. शर्मा भी मौजूद रहे। अनुष्ठान पूरा होने के बाद डॉ. एच.डी. रमेश गौड़ा और उनके साथ आए लोगों ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से दिवंगत मां की आत्मा की शांति और परिवार के सुख-शांति की कामना की। गंगा तट पर पिंडदान से लेकर काशी विश्वनाथ के दर्शन तक पूरा धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान काशी के प्रति परिवार की आस्था और सनातन धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी श्रद्धा भी दिखाई दी।