संकुलधारा पोखरा में मर रहीं मछलियां, दुर्गंध से आसपास रहने वाले परेशान
वाराणसी। भेलूपुर क्षेत्र स्थित संकुलधारा पोखरा इन दिनों गंभीर समस्या का केंद्र बन गया है। यहां बड़ी संख्या में मछलियों के लगातार मरने से स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बीते कई दिनों से पोखरे में मृत मछलियां तैरती नजर आ रही हैं, जिससे आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पोखरे में डाली जा रही दवा या तो प्रभावी नहीं है या फिर पुरानी दवा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके कारण स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से इस पोखरे का सुंदरीकरण कराया गया था, लेकिन वर्तमान हालात उस प्रयास पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
समाजसेवी गुड्डू ने बताया कि इस समस्या की सूचना कई बार प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इससे न केवल दुर्गंध की समस्या बढ़ेगी, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संकुलधारा पोखरे की तत्काल जांच कराई जाए। साथ ही पानी की गुणवत्ता का परीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाए, ताकि मछलियों की मौत का कारण पता चल सके और इस समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।