वाराणसी जंक्शन पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर, कर्मचारियों को दी गई आपातकालीन हालात से निपटने की ट्रेनिंग

 
 वाराणसी। रेलवे और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार, स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता एवं मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग वाराणसी के विशेषज्ञों ने रेलवे कर्मचारियों को आग लगने की संभावित परिस्थितियों, उसके कारणों और त्वरित नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही और सुरक्षित उपयोग की विधि भी सिखाई गई।

इस दौरान डेमो के माध्यम से घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया, जिससे कर्मचारियों को व्यावहारिक जानकारी मिल सके।

शिविर में रेलवे के विभिन्न विभागों के साथ-साथ आईआरसीटीसी द्वारा संचालित जनआहार, फूडट्रैक, प्लेटफॉर्म 8/9 के फास्ट फूड यूनिट, रिटायरिंग रूम, एक्जीक्यूटिव लाउंज और अंबुज एवं आर.के क्लस्टर किचन के करीब 100 कर्मचारी शामिल हुए।

भारतीय रेल द्वारा समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर कर्मचारियों को आपात स्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जाता है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित की जा सके।