पुष्कर तालाब के रेस्टोरेंट में युवती से मारपीट का आरोप, तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज

भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित पुष्कर तालाब के एक रेस्टोरेंट में युवती के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
 

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित पुष्कर तालाब के एक रेस्टोरेंट में युवती के साथ कथित मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मलदहिया क्षेत्र के लाजपत नगर निवासी गीतांशी मल्होत्रा ने भेलूपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह पुष्कर तालाब स्थित एक रेस्टोरेंट में मौजूद थीं, जहां अर्जन पटेल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान उन्हें शारीरिक चोट पहुंची और मानसिक रूप से भी प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

युवती के अनुसार, घटना के बाद वह अपनी शिकायत लेकर अर्जन पटेल के घर पहुंची, जहां उसके माता-पिता ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया। आरोप है कि वहां उन्हें अपमानित किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद वह काफी डर गईं और न्याय की मांग को लेकर पुलिस से शिकायत की।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर भेलूपुर पुलिस ने अर्जन पटेल समेत तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है।

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।