आंधी-बारिश भी नहीं डिगा सकी आस्था, झमाझम बारिश में हुई गंगा आरती, जमे रहे श्रद्धालु और पर्यटक
बुधवार शाम आंधी और झमाझम बारिश के बीच भी काशी की आस्था अडिग रही। दशाश्वमेध घाट पर मौसम की चुनौती के बीच मां गंगा की भव्य आरती हुई। बारिश की बूंदों और आरती के दीपों का अद्भुत संगम घाट की छटा को और दिव्य बना रहा था। गंगा की लहरों के बीच गूंजते मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटियों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
Updated: Oct 7, 2026, 22:29 IST
वाराणसी। बुधवार शाम आंधी और झमाझम बारिश के बीच भी काशी की आस्था अडिग रही। दशाश्वमेध घाट पर मौसम की चुनौती के बीच मां गंगा की भव्य आरती हुई। बारिश की बूंदों और आरती के दीपों का अद्भुत संगम घाट की छटा को और दिव्य बना रहा था। गंगा की लहरों के बीच गूंजते मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटियों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
तेज हवा और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर डटे रहे और मां गंगा के दिव्य दर्शन के साथ आरती में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने बारिश के बीच आरती के मनोरम दृश्य को अपने कैमरों में भी कैद किया। मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद घाट पर आस्था और भक्ति का उल्लास देखते ही बना।