अमरा अखरी से भिखारीपुर तक नालों से हटेगा अतिक्रमण, दीपावली बाद चलेगा अभियान, 14.89 करोड़ की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन का होगा निर्माण
वाराणसी। भिखारीपुर से अमरा अखरी चौराहे तक सड़क किनारे नालों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई की तैयारी में है। नालों के ऊपर कब्जा कर बनाई गई दुकानों को हटाया जाएगा। इसके लिए अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी करने के साथ ही भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। दीपावली के बाद नगर निगम नए सिरे से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करेगा।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने राजस्व विभाग को इस मार्ग पर स्थित जमीनों के अभिलेखों की जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को यह पता लगाने को कहा गया है कि किन लोगों ने नालों और सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानें या अन्य निर्माण कर रखे हैं। जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य नालों को अतिक्रमण मुक्त कराकर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना है।
जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
अमरा अखरी बाईपास से भिखारीपुर मार्ग पर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम की ओर से 14.89 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन (वर्षा जल निकासी नाला) निर्माण और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया जा रहा है।
नाला निर्माण से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि, इसके लिए नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटाना भी जरूरी है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे भिखारीपुर-अमरा अखरी मार्ग पर आवागमन भी सुगम हो सकेगा।