पीएचडी उपाधि से सम्मानित हुए डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र, महाविद्यालय परिवार ने किया अभिनंदन
वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर संन्यासी संस्कृत महाविद्यालय, ढुंढिराज गली के साहित्य प्रवक्ता डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र का महाविद्यालय परिसर में सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उन्हें माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिषेक पाठक ने कहा कि डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र का पीएचडी उपाधि से अलंकृत होना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. अखिलेश अपने ज्ञान, परिश्रम और समर्पण के बल पर लगातार शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।
सम्मान के उपरांत डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि बाबा विश्वनाथ की कृपा, माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे शिक्षा, शोध और संस्कृत साहित्य के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम का समापन शिक्षकों और कर्मचारियों द्वारा डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र को शुभकामनाएं देने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
सम्मान समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने डॉ. अखिलेश कुमार मिश्र को पुष्पमाला पहनाकर तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके शैक्षणिक जीवन की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। इस दौरान दर्शन विभागाध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा, व्याकरण विभागाध्यक्ष गोविंद पौडेल, सहायक प्रवक्ता दुष्यंत मिश्रा, नीरज पाण्डेय, डॉ. आत्मानंद, ज्योतिष विभागाध्यक्ष नवराज ओझा, कार्यालय सहायक अमित मिश्रा, रमेश सहित महाविद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।