आईआईटी-बीएचयू के डॉ. आदित्य पधी को मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड, बायोटेक्नोलॉजी और कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी में उत्कृष्ट शोध के लिए मिला सम्मान

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग के संकाय सदस्य डॉ. आदित्य कुमार पधी को प्रतिष्ठित मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड (2025-26) से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार बायोटेक्नोलॉजी एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और अकादमिक योगदान के लिए प्रदान किया गया।
 

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (बीएचयू) के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग के संकाय सदस्य डॉ. आदित्य कुमार पधी को प्रतिष्ठित मालवीय मेमोरियल यंग फैकल्टी अवार्ड (2025-26) से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार बायोटेक्नोलॉजी एवं कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध और अकादमिक योगदान के लिए प्रदान किया गया।

22 अक्टूबर को नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पुडुचेरी के कराईकल परिसर में आयोजित बायोटेक रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया (बीआरएसआई) के 23वें सम्मेलन के दौरान अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 'इनोवेशंस इन बायोटेक्नोलॉजी फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट्स (IBSD-2026)' में उन्हें यह सम्मान मिला। पुरस्कार समारोह में देश-विदेश के शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की मौजूदगी रही। आईआईटी (बीएचयू) के शासक मंडल के अध्यक्ष डॉ. कोटा हरिनारायण ने डॉ. पधी को सम्मान प्रदान किया।

डॉ. पधी का शोध कार्य कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी, स्ट्रक्चरल बायोइन्फॉर्मेटिक्स, बायोमॉलिक्यूलर मॉडलिंग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग आधारित जैव-चिकित्सकीय अनुसंधान पर केंद्रित है। उनके शोध में प्रोटीन डिजाइन, संक्रामक रोगों का अध्ययन और कम्प्यूटेशनल ड्रग डिस्कवरी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। उनके कई शोधपत्र अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी उनके शोध कार्यों को सराहना मिली है।

महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की स्मृति में दिया जाने वाला यह सम्मान डॉ. पधी के लिए विशेष महत्व रखता है। वह उसी संस्थान में संकाय सदस्य हैं, जिसकी स्थापना महामना की दूरदर्शी सोच और शैक्षणिक दृष्टिकोण का परिणाम है।

इस उपलब्धि पर आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. पधी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महामना के नाम पर स्थापित प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना संस्थान के प्रत्येक संकाय सदस्य के लिए गौरव की बात है। यह उपलब्धि संस्थान में उच्चस्तरीय शोध, नवाचार और बायोटेक्नोलॉजी, कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी तथा एआई जैसे अंतर्विषयी क्षेत्रों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रदर्शित करती है। उन्होंने डॉ. पधी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर शोध उपलब्धियों की कामना की।