काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे डीएम, दर्शन से सुरक्षा तक की व्यवस्थाएं परखीं
सावन के दूसरे सोमवार पर शिवभक्तों से लिया फीडबैक, कंट्रोल रूम में CCTV कैमरों से देखी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था
वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़े शिवभक्तों के बीच जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार पहुंचे और दर्शन-पूजन से लेकर सुरक्षा तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने श्रद्धालुओं और कांवड़ियों से सीधे बातचीत कर पूछा कि उन्हें दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हो रही है। इसके बाद कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के जरिए मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी।
श्रद्धालुओं से पूछा- कैसी है दर्शन की व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत की। उन्होंने श्रद्धालुओं से पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन और दर्शन व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की स्थिति भी देखी।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी रखी जाएं। श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें व्यवस्थित तरीके से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कराए जाएं।
कंट्रोल रूम से CCTV पर देखी सुरक्षा व्यवस्था
जिलाधिकारी ने मंदिर के कंट्रोल रूम में पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों से अलग-अलग स्थानों की निगरानी व्यवस्था देखी। उन्होंने कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश
डीएम ने मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था निरंतर बेहतर बनाए रखने को कहा। उन्होंने पेयजल और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु काशी पहुंचते हैं। उन्हें बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए मंदिर प्रशासन समेत सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बाबा विश्वनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों और मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।