संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं फरियाद, 74 में तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण

तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 मामले सामने आए, जिनमें तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
 

डीएम बोले- जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम से जांच के निर्देश

वाराणसी। तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 मामले सामने आए, जिनमें तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का सत्यापन करते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, कृषि, खाद एवं रसद, पंचायतीराज, विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, आपूर्ति और वन विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले आए। भूमि विवाद संबंधी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच एवं सत्यापन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का पूरी प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और न्यायोचित तरीके से समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान करने पर जोर दिया, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार अधिकारियों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर एसडीएम नितिन सिंह, एसीपी समेत राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।