राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार को निकले जागरुकता वाहन, जिला जज ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को प्रचार वाहनों को रवाना किया गया। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी संजीव शुक्ला ने जनपद न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी देंगे और लोगों को इसमें अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों का शांतिपूर्ण एवं सरल तरीके से निस्तारण कराया जा सकता है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में यातायात चालान, वैवाहिक एवं घरेलू हिंसा से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना मामले, चेक बाउंस, वाणिज्यिक एवं उपभोक्ता फोरम मामले, भूमि अधिकरण, सेवा संबंधी मामले, शमनीय आपराधिक मामले, ऋण वसूली, बेदखली से संबंधित मामले सहित अन्य उपयुक्त दीवानी मामलों का निस्तारण कराया जा सकता है।
कार्यक्रम में मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण के पीठासीन अधिकारी रामकेश, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश, राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जनपद न्यायाधीश आलोक कुमार सहित जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत कार्यरत पैरा लीगल वालंटियर्स उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिविजन) राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि प्रचार वाहनों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।