सावन में उमड़ेंगे श्रद्धालु, कैथी मार्कण्डेय महादेव मंदिर में शुरू हुई लाइव दर्शन की व्यवस्था

श्रावण मास में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गर्भगृह में विराजमान भगवान मार्कण्डेय महादेव के साक्षात दर्शन कर सकेंगे।
 

वाराणसी। श्रावण मास में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई है। अब मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गर्भगृह में विराजमान भगवान मार्कण्डेय महादेव के साक्षात दर्शन कर सकेंगे।

गोस्वामी समिति के अध्यक्ष बजरंगी गिरी के नेतृत्व में करीब साढ़े छह लाख रुपये की लागत से इस व्यवस्था को स्थापित किया गया है। मंदिर परिसर के मुख्य द्वार और गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर दो बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर गर्भगृह का सीधा प्रसारण होगा। इससे अधिक भीड़ होने की स्थिति में भी श्रद्धालु बिना धक्का-मुक्की के भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजन-अर्चन के लिए मंदिर पहुंचते हैं। भीड़ के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को गर्भगृह तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नई लाइव दर्शन व्यवस्था से ऐसे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी और मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।

समिति का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सहज, सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे लंबी कतारों में इंतजार करने की समस्या भी काफी हद तक कम होगी और दर्शन व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनेगी।

इस व्यवस्था को सफल बनाने में गोस्वामी समिति के मंत्री संतोष कुमार गिरी, सचिव सचिन गिरी, कोषाध्यक्ष दिलीप गिरी तथा सदस्य गौरव गिरी, उमेश गिरी सहित अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति ने उम्मीद जताई है कि श्रावण मास के दौरान यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी और मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पहले की अपेक्षा अधिक सुगमता से दर्शन का अवसर मिलेगा।