संकटमोचन मंदिर में गूंजे भक्ति के स्वर, भारत विकास परिषद की भजन संध्या में भावविभोर हुए श्रद्धालु

वाराणसी। भारत विकास परिषद, काशी शाखा द्वारा आयोजित 'सेवा एवं संस्कृति सप्ताह-2026' के अंतर्गत रविवार को दुर्गाकुंड स्थित श्री संकटमोचन मंदिर में 'आराधना-भक्ति का संगम' नामक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को समर्पित इस आयोजन में भगवान श्री संकटमोचन के श्रीचरणों में मधुर भजनों की प्रस्तुति दी गई। संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
 
सामूहिक आरती से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
भजन संध्या का शुभारंभ भारत विकास परिषद, काशी शाखा के सदस्यों द्वारा भगवान श्री संकटमोचन की सामूहिक आरती के साथ किया गया। इसके बाद परिषद के सदस्यों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भजनों के साथ झूमते और प्रभु भक्ति में लीन नजर आए।

राम और शिव भजनों ने बांधा समां
शाखा अध्यक्ष सौरभ जैन ने "मेरे चौखट पर चलकर आज श्रीराम आए हैं" भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को राम भक्ति में डुबो दिया। वहीं बरखा जैन, डॉ. श्वेता सिंह, शिल्पी खन्ना, संगीता रस्तोगी और रश्मि शाह ने सामूहिक रूप से "श्रीराम की गली में तुम आना" भजन प्रस्तुत किया। इसके अलावा सपना बहल ने "मंगल मूर्ति राम दुलारे" और राजेंद्र मेहरा ने लोकप्रिय भजन "बम-बम बोल रहा है काशी" प्रस्तुत किया, जिस पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

सेवा, संस्कार और संस्कृति को समर्पित है परिषद का अभियान
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारत विकास परिषद, काशी शाखा सेवा, संस्कार, संस्कृति और समर्पण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करती रही है। परिषद उन चुनिंदा सामाजिक संस्थाओं में शामिल है जिन्हें श्री संकटमोचन मंदिर में भजन संध्या आयोजित करने का सौभाग्य प्राप्त होता है।

इन सदस्यों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
भजन संध्या के सफल आयोजन का संयोजन सुरेश आहूजा, अनीता जसरापुरिया, नवल कथूरिया, राजेंद्र मेहरा और गौरव गुप्ता ने किया, जबकि कार्यक्रम के पर्यवेक्षक संतोष अग्रवाल रहे।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे परिषद सदस्य और श्रद्धालु
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद, काशी शाखा के अध्यक्ष सौरभ जैन, सचिव डॉ. अमित कुमार सिंह, महिला संयोजिका संगीता रस्तोगी, जीवन खन्ना, राजेंद्र मेहरा, अनोज डीडवानिया सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

देखें तस्वीरें