Dev Deepawali: 21 बटुकों, 21 कन्याओं ने की मां गंगा की महाआरती, 151 लीटर दूध से अभिषेक, दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति का भव्य आयोजन
108 किलो की अष्टधातु प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र, मनोज तिवारी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान शिव और मां गंगा के अर्चन के लिए भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार, डमरुओं की गूंज और भक्ति संगीत के बीच पूरा घाट आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। 21 बटुकों, 21 डमरुदलों और ऋद्धि-सिद्धि के स्वरूप में 21 बेटियों के नेतृत्व ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे और सचिव पं. दिनेश शंकर दुबे के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में वेदपाठी बटुकों ने स्वस्तिवाचन किया। इसके बाद सुमेरू पीठ के शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती के नेतृत्व में वैदिक रीति से मां गंगा का पूजन-स्तवन किया गया। इस दौरान 151 लीटर दूध से गंगा का अभिषेक कर निर्मलीकरण और स्वच्छता का संदेश दिया गया।
गंगा तट पर सिंहासन पर विराजमान मां गंगा की 108 किलोग्राम की अष्टधातु से निर्मित श्रृंगारिक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। दीपों से जगमगाते घाट और मां गंगा की अलौकिक महाआरती के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महाआरती के बाद दिल्ली से पहुंचे भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तथा सांसद मनोज तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भक्ति गीतों पर हजारों श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। काशी के गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में सांस्कृतिक संध्या भी आयोजित हुई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने उपस्थित लोगों को गंगा स्वच्छता का संकल्प दिलाया।
आयोजन में प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत देश-विदेश से आए अतिथि और विभिन्न बैंकों के अधिकारी परिवार सहित शामिल हुए। समिति के संरक्षक पं. कन्हैया त्रिपाठी, गंगेश्वरधर दुबे, विजय गरोडिया, गणेशदत्त शास्त्री, संकठा प्रसाद और संजय यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा देव दीपावली पर काशी के पौराणिक केदार घाट पर भी समिति की ओर से मां गंगा की भव्य आरती आयोजित की गई। इसका संयोजन पं. संदीप कुमार दुबे ने किया।