पीसीएस-2025 की दोबारा परीक्षा कराने की मांग, MLC आशुतोष सिन्हा ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा 

पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त किए जाने के मामले में प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने अब राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा दोबारा आयोजित कराने और प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे प्रकरण में प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
 

अभ्यर्थियों को आयु सीमा और अतिरिक्त अवसरों में राहत देने की उठाई मांग, आयोग के जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर

वाराणसी। पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त किए जाने के मामले में प्रतियोगी अभ्यर्थियों ने अब राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है। विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में युवाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा दोबारा आयोजित कराने और प्रभावित अभ्यर्थियों को राहत देने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे प्रकरण में प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।

ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रक्रियागत त्रुटियों और आरक्षण एवं मेरिट से जुड़े विवाद के कारण लाखों प्रतियोगी अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। युवाओं ने वर्षों तक मेहनत और परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी की, लेकिन आयोग की कथित गलतियों के कारण उन्हें मानसिक और शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त करने और दोबारा परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश के बाद अभ्यर्थियों के सामने कई तरह की अनिश्चितताएं पैदा हो गई हैं। ऐसे में सरकार और आयोग को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित न हो।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से पीसीएस-2025 की प्रारंभिक परीक्षा शीघ्र दोबारा कराने, नया परीक्षा कैलेंडर जारी करने, प्रभावित अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट देने तथा परीक्षा के अतिरिक्त अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके साथ ही पूरे मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया।

आशुतोष सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और आयोग की लापरवाही का खामियाजा मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश देने की अपील की।

इस दौरान हारून अंसारी, राहुल सिंह यादव, राहुल गुप्ता, ईशान श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, राहुल कनोजिया, सतीश यादव, साहिल खान, फिरोज अहमद, अजय चौरसिया, दिलशाद अहमद, जीशान अंसारी, आनंद पांडेय, सागर यादव, राजबली विश्वकर्मा, मनोज यादव, रवि सेठ, अयाज, सत्यम यादव, रत्न सिसौदिया, वीरेंद्र यादव और राकेश यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।