रामलीला के जीवंत मंचन से साकार हुई त्रेतायुग की दीपावली, भारत विकास परिषद ‘काशी’ ने मनाया दीपोत्सव
सीता स्वयंवर, वनवास, सीता हरण और रावण वध के प्रसंगों ने बांधा समां, श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीपों से जगमगाया आयोजन स्थल
वाराणसी। भारत विकास परिषद ‘काशी’ की ओर से होटल सूर्या में ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ की प्रेरणादायी थीम पर ‘दीपावली-एक उत्सव आनंद का’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। काशी प्रांत उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय के तत्वावधान में आयोजित समारोह में दीपावली के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को रामायण के विभिन्न प्रसंगों के मंचन के माध्यम से दर्शाया गया। दीपों की रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन स्थल को उत्सवी रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम में सीता स्वयंवर से लेकर भगवान श्रीराम के वनवास, सीता हरण, श्रीराम और रावण के बीच युद्ध तथा रावण वध के बाद प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी तक के प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से श्रीराम के अयोध्या आगमन के दृश्य के दौरान दीपोत्सव मनाया गया। सैकड़ों दीपों की जगमगाहट ने त्रेतायुग में अयोध्या में मनाए गए दीपोत्सव की स्मृतियों को जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष भा. सौरभ जैन ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देता है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, आदर्श और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देता है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और आदर्शों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के पर्यवेक्षक भा. अजय गौतम रहे। आयोजन के संयोजन में भा. मीना सिंह, भा. शालिनी मेहरोत्रा, भा. सुप्रिया जरिया और भा. श्वेता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में अध्यक्ष भा. सौरभ जैन, सचिव भा. डॉ. अमित कुमार सिंह, महिला संयोजिका भा. संगीता रस्तोगी, कोषाध्यक्ष भा. जीवन खन्ना सहित परिषद के सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।