कालभैरव मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात व्यवस्था चरमराई, जीरो ट्रैफिक प्लान बेअसर
वाराणसी। देव दीपावली पर बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। आस्था और उत्साह के बीच मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या ने प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए। नो व्हीकल जोन और जीरो ट्रैफिक प्लान लागू होने के बावजूद मंदिर के आसपास की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही और बेतरतीब पार्किंग जारी रही। इससे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंदिर के आसपास की सड़कों पर दोपहिया और अन्य वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े दिखाई दिए। वहीं, संकरी गलियों में भी लोग गाड़ियां लेकर पहुंचते और निकलते रहे। इसके चलते पहले से ही भीड़भाड़ वाले रास्तों पर आवागमन बाधित होता रहा। मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को वाहनों के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ा।
समस्या को और गंभीर बनाने में दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण ने भी भूमिका निभाई। दुकानदारों के सामान और अन्य गतिविधियों के कारण सड़कें और संकरी हो गईं। नतीजतन, भीड़ के बीच पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और राहगीरों को रास्ता मिलने का इंतजार करना पड़ा। मौके पर चौकी प्रभारी विवेक सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इसके बावजूद भारी भीड़ के दबाव में यातायात व्यवस्था सुचारु नहीं हो सकी। वाहनों की आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण लोगों को काफी देर तक जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
देव दीपावली जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक और सुगम आवागमन के लिए विशेष यातायात योजना लागू की गई थी। इसके बावजूद नो व्हीकल जोन का प्रभावी अनुपालन नहीं हो सका। ऐसे में सवाल उठता रहा कि जब मंदिर क्षेत्र में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना थी, तो वाहनों की आवाजाही और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं किया जा सका।