पद्मश्री डॉ. टीके लाहिरी के साथ कथित दुर्व्यवहार पर कांग्रेस मुखर, अजय राय के निर्देश पर BHU पहुंचे महानगर अध्यक्ष

बीएचयू के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. टीके लाहिरी के साथ आईसीयू में कथित दुर्व्यवहार के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। परिजनों की ओर से लगाए गए गाली-गलौज और थप्पड़ मारने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली और मरीजों व वरिष्ठ चिकित्सकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे रविवार को बीएचयू पहुंचे और डॉ. लाहिरी का हालचाल जाना।
 

आईसीयू में गाली-गलौज और थप्पड़ मारने के आरोपों पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच और दोषी पर कार्रवाई की मांग

वाराणसी। बीएचयू के वरिष्ठ चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. टीके लाहिरी के साथ आईसीयू में कथित दुर्व्यवहार के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। परिजनों की ओर से लगाए गए गाली-गलौज और थप्पड़ मारने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली और मरीजों व वरिष्ठ चिकित्सकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे रविवार को बीएचयू पहुंचे और डॉ. लाहिरी का हालचाल जाना।

राघवेंद्र चौबे ने चिकित्सकों से बातचीत कर डॉ. लाहिरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि डॉ. टीके लाहिरी चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं। उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री जैसे सम्मान से नवाजा जा चुका है। ऐसे वरिष्ठ चिकित्सक के साथ आईसीयू जैसी संवेदनशील जगह पर कथित दुर्व्यवहार की घटना गंभीर चिंता का विषय है।

डॉ. लाहिरी के परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती 85 वर्षीय चिकित्सक के साथ एक एसोसिएट प्रोफेसर ने कथित रूप से गाली-गलौज की और थप्पड़ मारा। परिजनों के अनुसार घटना के बाद उनके चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। इन आरोपों के सामने आने के बाद बीएचयू की सुरक्षा और संस्थागत जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यदि परिजनों के आरोप सही हैं तो यह केवल एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार का मामला नहीं है, बल्कि चिकित्सा संस्थान की गरिमा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी में केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार है। ऐसे में बीएचयू जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ चिकित्सक की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को बड़े दावों के बजाय संस्थान में जवाबदेही और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी से भी मामले का संज्ञान लेने की मांग की। पार्टी ने कहा कि बीएचयू काशी और देश की प्रतिष्ठा से जुड़ा संस्थान है। यहां मरीजों, परिजनों और वरिष्ठ चिकित्सकों की सुरक्षा एवं सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि वह मामले पर नजर बनाए रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर इसे बीएचयू प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक उठाया जाएगा। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा, रोहित दुबे, प्रिंस चौबे और आयुष पटेल मौजूद रहे।