वाराणसी : कांग्रेसजनों ने पुण्यतिथि पर पंडित नेहरू को किया याद, दी श्रद्धांजलि
वाराणसी। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर जिला/महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के तत्वावधान में पराड़कर स्मृति भवन के सामने स्थित "नेहरू पार्क" में उनकी प्रतिमा पर कांग्रेसजनों ने माला पहनाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर "पंडित नेहरू अमर रहें, जब तक सूरज चांद रहेगा, नेहरू तेरा नाम रहेगा" के नारे गूंजे। कार्यकर्ताओं ने उनके सिद्धांतों व विचारधारा को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के निवर्तमान प्रदेश चेयरमैन दुर्गा प्रसाद गुप्त ने पंडित नेहरू को महान युगदृष्टा और आधुनिक भारत का निर्माता बताया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के संघर्षों और जेल यात्राओं के दौरान लिखित "डिस्कवरी ऑफ इंडिया" का उल्लेख किया। साथ ही, स्वतंत्रता के बाद प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में उनके योगदान, जैसे भाखड़ा नांगल बांध, रिहंद परियोजना, भिलाई और बोकारो स्टील प्लांट, फूलपुर और सिंदरी में रासायनिक खाद कारखाने, तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र की स्थापना जैसे कार्यों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में महानगर/जिला व्यापार प्रकोष्ठ के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज वर्मा "मनु", बिपीन पाल, हाजी मोहम्मद इस्लाम, मंगलेश सिंह, कीर्ति प्रकाश पांडे, घनश्याम रस्तोगी, कृष्णा तिवारी, शंभू नाथ मिश्रा, विजय दुबे (बाबा), डॉ. अमीन अहमद, राज जायसवाल, अंशुमान वर्मा, विनोद कुमार सहित दर्जनों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।