काशी में गंगा में विसर्जित हुआ कॉंग्रेस नेता स्व. सूरज हेगड़े का अस्थि कलश, कांग्रेस नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं कर्नाटक सरकार में दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री रहे स्वर्गीय सूरज हेगड़े के असामयिक निधन के बाद शुक्रवार को उनके परिजन अस्थि कलश लेकर वाराणसी पहुंचे। सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक विधि-विधान के बीच मां गंगा की पावन धारा में उनका अस्थि विसर्जन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अस्थि विसर्जन के अवसर पर उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण शोक और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा। कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस अंतिम श्रद्धांजलि में शामिल हुए। महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने स्व. सूरज हेगड़े को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका निधन कांग्रेस संगठन ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सूरज हेगड़े ने एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और मेहनत, संगठन के प्रति समर्पण तथा नेतृत्व क्षमता के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि स्व. हेगड़े ने भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी सहित संगठन के कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वे कांग्रेस नेतृत्व के विश्वासपात्र नेताओं में शामिल थे और पार्टी को मजबूत बनाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यकर्ताओं के प्रति उनका व्यवहार हमेशा आत्मीय और प्रेरणादायी रहा, जिसे संगठन लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने कहा कि वाराणसी सहित पूरे देश का कांग्रेस परिवार इस दुख की घड़ी में स्व. सूरज हेगड़े के परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा उनके परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मां गंगा से दिवंगत नेता की सद्गति की कामना करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, रोहित दुबे, किशन यादव, विनीत चौबे, परवेज खान, अनुभव राय, रामजी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं परिजन उपस्थित रहे।