मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के आरोप में नौ भाजपा नेताओं के खिलाफ कोर्ट में परिवाद, मंत्री रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के मामले में भाजपा नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ राजू राम की ओर से नौ भाजपा नेताओं के खिलाफ स्पेशल मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए, एसीजेएम कोर्ट संख्या-4 में परिवाद दाखिल किया गया है। न्यायालय ने परिवाद दर्ज कर सुनवाई के लिए अगली तारीख चार दिसंबर 2026 निर्धारित की है।
 

वाराणसी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान के मामले में भाजपा नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ राजू राम की ओर से नौ भाजपा नेताओं के खिलाफ स्पेशल मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए, एसीजेएम कोर्ट संख्या-4 में परिवाद दाखिल किया गया है। न्यायालय ने परिवाद दर्ज कर सुनवाई के लिए अगली तारीख चार दिसंबर 2026 निर्धारित की है।

कांग्रेस विधि विभाग के जिलाध्यक्ष एवं अधिवक्ता लोकेश कुमार सिंह के माध्यम से दाखिल परिवाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्रा उर्फ दयालु, विधायक नीलकंठ तिवारी और सौरभ श्रीवास्तव, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले तथा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नवरतन राठी समेत अन्य नेताओं को आरोपी बनाया गया है।

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि 26 अक्टूबर 2026 को उक्त नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। साथ ही उनके चित्रों पर थूकने और पुतले को जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने का कृत्य किया गया। कांग्रेस पक्ष का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और समाज में विद्वेष फैलाने का प्रयास किया गया।