बरेका में विश्व पर्यावरण दिवस पर चला स्वच्छता और जागरुकता अभियान
वाराणसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशों के अनुपालन में बरेका में “विश्व पर्यावरण दिवस–2026” अभियान के तहत व्यापक जागरुकता और स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के निर्देशन में 15 मई से 5 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
अभियान की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता संबंधी शपथ ग्रहण कार्यक्रम से हुई। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने, जल और ऊर्जा संरक्षण करने, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ, हरित और प्लास्टिक मुक्त परिसर बनाने का संदेश दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए बरेका परिसर के प्रमुख स्थानों पर विश्व पर्यावरण दिवस से संबंधित बैनर लगाए गए। इलेक्ट्रॉनिक नोटिस बोर्डों के माध्यम से डिजिटल संदेश प्रसारित किए गए, जबकि कार्यशाला परिसर में पीए सिस्टम द्वारा लगातार स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी घोषणाएं की गईं।
अभियान के दौरान अपशिष्ट पृथक्करण को बढ़ावा देने के लिए सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने आवासीय क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया। लोगों को सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया तथा पम्पलेट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त कार्यशाला कैंटीन में कर्मचारियों को वैज्ञानिक तरीके से कचरा पृथक्करण, उचित अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत इंजन डिवीजन, लोको डिवीजन और स्टोर डिवीजन सहित विभिन्न कार्यस्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान साफ-सुथरे और सुरक्षित कार्य वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही “प्लास्टिक उपयोग में कमी एवं सतत जीवन शैली” विषय पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचने, स्वयं की पानी की बोतल इस्तेमाल करने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।