स्वच्छ वाराणसी की मुहिम तेज, दुर्गाकुण्ड वार्ड में विशेष जागरुकता अभियान, दुकानदारों को कचरा प्रबंधन का दिया संदेश

नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत सोमवार को दुर्गाकुण्ड वार्ड में व्यापक स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (A-PAG) तथा संबंधित सेक्टर प्रभारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
 

वाराणसी। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान के तहत सोमवार को दुर्गाकुण्ड वार्ड में व्यापक स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम, एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप (A-PAG) तथा संबंधित सेक्टर प्रभारियों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था से जुड़कर नियमित रूप से अपने प्रतिष्ठानों का कचरा निगम के कर्मचारियों को सौंपें। साथ ही जिन व्यापारियों ने अभी तक नगर निगम की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी नहीं की है अथवा कचरा प्रबंधन संबंधी पर्ची नहीं कटवाई है, उन्हें तत्काल पंजीकरण कराने और नगर निगम की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान टीम ने क्षेत्र में स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP) का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों को इन स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने से न केवल गंदगी बढ़ती है, बल्कि इससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा, जोनल स्वच्छता अधिकारी, सुपरवाइजर तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप की ओर से टीम लीडर प्रदीप कुमार, टेक्निकल सर्वेयर रामेंद्र पाण्डे और राजकुमार गुप्ता ने लोगों को कचरा प्रबंधन, वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी दी।

आईईसी टीम की सदस्य शागिना परवीन ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के सहयोग से ही वाराणसी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है। नगर निगम ने बताया कि आगामी दिनों में यह विशेष अभियान शहर के अन्य वार्डों में भी चलाया जाएगा।