स्वच्छ गंगा से बढ़ेगा पर्यटन, नमो घाट पर नमामि गंगे का जागरुकता अभियान

विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को नमो घाट पर नमामि गंगे की ओर से गंगा स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गंगा तट पर सफाई अभियान के साथ लोगों को नदी संरक्षण, स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश दिया गया। इस दौरान पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और गंगा सेवकों ने गंगा में कूड़ा-कचरा न डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
 

विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस पर गंगा तट की सफाई, पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने लिया निर्मलीकरण का संकल्प

वाराणसी। विश्व नदी दिवस और विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को नमो घाट पर नमामि गंगे की ओर से गंगा स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गंगा तट पर सफाई अभियान के साथ लोगों को नदी संरक्षण, स्वच्छता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश दिया गया। इस दौरान पर्यटकों, स्थानीय नागरिकों और गंगा सेवकों ने गंगा में कूड़ा-कचरा न डालने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ नदियां पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक स्वच्छ और सुंदर नदी तटों की ओर आकर्षित होते हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने में भी नदियों की बड़ी भूमिका है।

गंगा हमारी सांस्कृतिक विरासत का आधार
राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। सदियों से गंगा ने सभ्यताओं को विकसित करने और समाज को जोड़ने का कार्य किया है। काशी के घाट, गंगा आरती, नौका विहार और धार्मिक आयोजन यहां के पर्यटन की पहचान हैं। ऐसे में गंगा की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिम्मेदार पर्यटक बनने की अपील
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि गंगा में पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा न डालें। स्नान, नौका विहार और धार्मिक गतिविधियों के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का संदेश दिया गया। नमामि गंगे की स्वयंसेवी टीम ने पर्यटकों को जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि जिम्मेदार नागरिक और पर्यटक की भूमिका निभाए, तो गंगा स्वच्छता अभियान को और मजबूती मिलेगी।

नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग शामिल हुए। गंगा तट की सफाई के बाद सभी ने नदी संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लिया। इस अवसर पर राजेश शुक्ला, अविनाश तिवारी, रुचि पाठक, गोल्डी पाठक, अविनाश पाठक, विशाल भारद्वाज सहित नमामि गंगे की स्वयंसेवी टीम के सदस्य उपस्थित रहे।