वाराणसी शिक्षक MLC चुनाव में चेतनारायण सिंह को वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने दिया समर्थन, शिक्षक हितों के लिए संघर्ण करने वाला नेता बताया 

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव में उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अधिकृत प्रत्याशी चेतनारायण सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। उदय प्रताप कॉलेज के प्राचीन छात्रावास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के प्रदेशीय महासचिव कृष्णमोहन यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आठों जनपदों के जिलाध्यक्षों और जिला मंत्रियों से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है।
 

वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव में उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक महासभा ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के अधिकृत प्रत्याशी चेतनारायण सिंह को समर्थन देने की घोषणा की है। उदय प्रताप कॉलेज के प्राचीन छात्रावास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के प्रदेशीय महासचिव कृष्णमोहन यादव ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आठों जनपदों के जिलाध्यक्षों और जिला मंत्रियों से विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षक हितों के लिए संघर्ष को बताया आधार
कृष्णमोहन यादव ने कहा कि चेतनारायण सिंह शिक्षकों के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करने वाले नेता हैं। शिक्षक हितों को ध्यान में रखते हुए संगठन ने उन्हें समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के शिक्षक विधायक होने के बावजूद शिक्षकों की समस्याओं को लेकर अपेक्षित संघर्ष नहीं किया गया। इसे उन्होंने निराशाजनक बताया। उनके अनुसार, वर्तमान परिस्थितियों में शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना जरूरी है।

मानदेय और पुरानी पेंशन की बहाली प्रमुख मुद्दे
इस अवसर पर चेतनारायण सिंह ने कहा कि शिक्षकों की मांगों और सेवा सुरक्षा के लिए एकजुट होकर मजबूती से आवाज उठानी होगी। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सेवा नियमावली बनाने, मानदेय सुनिश्चित करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण और सेवा सुरक्षा संबंधी प्रावधानों को प्रभावी बनाने की जरूरत पर जोर दिया।

आठ जिलों के पदाधिकारी रहे मौजूद
समर्थन की घोषणा के दौरान वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आठों जनपदों के उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक महासभा के जिलाध्यक्ष और जिला मंत्री उपस्थित रहे। संगठन ने शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आगामी चुनाव में चेतनारायण सिंह के समर्थन में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प जताया।