सीडीओ ने जाल्हूपुर में लगाई चौपाल, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
वाराणसी। विकासखंड चिरईगांव के ग्राम पंचायत जाल्हुपुर में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी श्री प्रखर कुमार सिंह ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर सड़क, नाली, आवास, शौचालय, पेंशन, हर घर नल योजना, जलजमाव और चकबंदी जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्राप्त शिकायतों में से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। इनमें शौचालय और पेंशन से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के शौचालय आवेदन तत्काल निर्धारित पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों द्वारा नाली, सड़क, बाहा और जलजमाव की समस्या उठाए जाने पर सीडीओ ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और ग्राम पंचायत अधिकारियों को संयुक्त सर्वे कर शीघ्र प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
चौपाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, कृषि विभाग की योजनाएं तथा फार्मर रजिस्ट्री शामिल रहीं। ग्रीष्म ऋतु में पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने जल निगम और ग्राम पंचायत सचिव को हर घर नल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अंश निर्धारण के कार्य में लापरवाही और धीमी प्रगति पाए जाने पर उन्होंने लेखपाल को फटकार लगाई तथा कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत प्रमुख श्री अभिषेक सिंह और मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों को बीज का वितरण भी किया।
सीडीओ ने ग्रामीणों से आगामी जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी लोग इसे अपनी जिम्मेदारी समझें।
कार्यक्रम में उपायुक्त (स्वत: रोजगार) पवन कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी विजय जायसवाल, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला समाज कल्याण अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी छोटेलाल तिवारी सहित अन्य अधिकारी, ग्रामीण और आजीविका मिशन की महिलाएं उपस्थित रहीं।