कैबिनेट मंत्री ने वन नेशन वन इलेक्शन के फायदे बताए, विपक्ष पर साधा निशाना 

चिरईगांव ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को "एक राष्ट्र, एक चुनाव" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने वन नेशन वन इलेक्शन से फायदे बताए। साथ ही विपक्षी दलों पर निशाना साधा। 
 

वाराणसी। चिरईगांव ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को "एक राष्ट्र, एक चुनाव" विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने वन नेशन वन इलेक्शन से फायदे बताए। साथ ही विपक्षी दलों पर निशाना साधा। 

कैबिनेट मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "वन नेशन, वन इलेक्शन" और "वन नेशन, वन राशन कार्ड" जैसे संकल्पों की सराहना करते हुए कहा कि ये योजनाएं देश के समग्र और सतत विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बार-बार चुनाव होने से न केवल सरकारी धन का अपव्यय होता है, बल्कि विकास की गति भी बाधित होती है। यदि चुनाव एक साथ कराए जाएं, तो चुनाव पर होने वाला खर्च बचाया जा सकता है, जिसका सदुपयोग गरीबों के लिए मकान, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण और आधारभूत संरचनाओं के विकास में किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने अपने चुनावी वादों को केवल घोषणा पत्र तक सीमित न रखकर उन्हें संकल्प पत्र में बदल कर धरातल पर उतारा है, जो भारतीय राजनीति के इतिहास में मिसाल बन चुका है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए अनिल राजभर ने कहा कि जब भारत की चुनावी प्रणाली को विश्व के 17 देशों के चुनाव आयोगों द्वारा सराहा जा रहा है, उस समय कुछ विपक्षी नेता विदेश जाकर देश की छवि को धूमिल करने का कार्य कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

कार्यक्रम में मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, बीडीओ बीएन द्विवेदी, खंड शिक्षा अधिकारी प्रीती सिंह, गौरव सिंह, लाल बहादुर पटेल, कमलेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।