बरेका में बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव की छटा, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा सूर्य सरोवर

बरेका के सूर्य सरोवर परिसर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 2570वीं त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। ‘बुद्ध पूर्णिमा आयोजन समिति, बरेका’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर भगवान बुद्ध को श्रद्धा अर्पित की।
 

वाराणसी। बरेका के सूर्य सरोवर परिसर में बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर 2570वीं त्रिविध पावनी बुद्ध पूर्णिमा महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। ‘बुद्ध पूर्णिमा आयोजन समिति, बरेका’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर भगवान बुद्ध को श्रद्धा अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील द्वारा दीप प्रज्वलन और बुद्ध वंदना के साथ हुई। इसके बाद सूर्य सरोवर में सामूहिक दीपदान का आयोजन किया गया, जिसने पूरे परिसर को आध्यात्मिक और शांतिमय वातावरण में बदल दिया। दीपों की रोशनी और श्रद्धालुओं की आस्था ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

इस अवसर पर भगवान बुद्ध के जीवन और उनके उपदेशों पर आधारित एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया। अपने संबोधन में विवेक शील ने भगवान बुद्ध के जीवन, उनके विचारों और मानवता के लिए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बुद्ध के उपदेश आज भी समाज को शांति, करुणा और सहिष्णुता का मार्ग दिखाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कलाकारों ने बुद्ध के संदेशों को नृत्य और संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।

इस आयोजन में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन) राम जनम चौबे, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर सुभाष चंद्र यादव, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप यादव सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सोमपाल सिंह परवान, अध्यक्ष संजय कुमार और महामंत्री रतनम सिंह समेत अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।