वेतन और पेंशन रिवीजन की मांग पर बीएसएनएल कर्मचारियों का प्रदर्शन, की नारेबाजी

सिगरा स्थित बीएसएनएल कार्यालय परिसर में वेतन एवं पेंशन रिवीजन की मांग को लेकर बीएसएनएल कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
 

वाराणसी। सिगरा स्थित बीएसएनएल कार्यालय परिसर में वेतन एवं पेंशन रिवीजन की मांग को लेकर बीएसएनएल कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

ऑल इंडिया सेंट्रल कोऑर्डिनेशन कमेटी (AICCC) के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन (BSNLEU) कर रही है। धरना BSNLEU, ऑल इंडिया बीएसएनएल डॉट पेंशनर्स एसोसिएशन (AIBDPA) तथा ऑल इंडिया सेंट्रल कॉन्फेडरेशन ऑफ एनएफ (AICCNF) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

धरना दे रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि वेतन रिवीजन और पेंशन रिवीजन को 1 जनवरी 2017 से प्रभावी किया जाए। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित इन मांगों के कारण कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

यूनियन नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। तीन दिवसीय धरना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता एआईबीडीपीए जिला शाखा वाराणसी के जिलाध्यक्ष बी. एस. रावत ने की, जबकि संचालन बीएसएनएल इम्प्लाइज यूनियन जिला शाखा वाराणसी के जिला सचिव अनिल कुमार शर्मा ने किया। 

धरने में प्रेम कुमार, मूलबदन राम, रामबचन पाल, किशोर यादव, अशोक कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में बीएसएनएल कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए।