बरेका में कर्मचारी कल्याण पर मंथन, परिषद और प्रशासन के बीच हुआ सार्थक संवाद
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बुधवार को प्रशासन एवं कर्मचारी परिषद के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रशासनिक भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर विचार-विमर्श कर उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना था। कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी विषयों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उनके व्यावहारिक और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति और सफलता उसके कर्मचारियों की संतुष्टि एवं कल्याण पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद, सहयोग और विश्वास की भावना को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश कुमार तथा महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी परिषद की ओर से संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव तथा सदस्य अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव, सुशील कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह ने भाग लेते हुए कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।