हुकुलगंज में 38 लाख से बनेगी बाउंड्रीवाल, प्राचीन पेड़ों के संरक्षण की पहल
वाराणसी। वार्ड नंबर 11 हुकुलगंज स्थित बघवानाला मंदिर परिसर में प्राचीन पेड़ों के संरक्षण और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह कार्य नगर निगम की पंद्रहवें वित्त योजना के तहत लगभग 38 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा तथा महापौर अशोक तिवारी के निर्देश पर शुरू की गई है। इसका उद्देश्य मंदिर परिसर में मौजूद पुराने और मूल्यवान पेड़ों को सुरक्षित रखना है, साथ ही क्षेत्र की सुंदरता को भी बढ़ाना है।
शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद अशोक मौर्या, संजय जायसवाल, हरिश्चंद्र महाविद्यालय के पूर्व महामंत्री रितेश श्रीवास्तव, भाजपा सारनाथ मंडल अध्यक्ष अतुल सिंह, उपाध्यक्ष भोला सोनकर सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस मौके पर पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि बाउंड्रीवाल बनने से मंदिर परिसर को व्यवस्थित रूप मिलेगा और पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि कई बार खुले क्षेत्र के कारण पेड़ों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है, जिसे इस निर्माण कार्य के बाद रोका जा सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल धार्मिक स्थल का विकास होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम द्वारा ऐसे कार्यों से क्षेत्र में विकास और हरित वातावरण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।