32 दिनों से नाव संचालन बंद होने से नाविक परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट, 500 परिवारों को मिली राहत सामग्री
मां गंगा निषाद राज सेवा न्यास ने शुरू किया राहत अभियान का पहला चरण, आगे भी मदद का भरोसा
वाराणसी। गंगा में बढ़े जलस्तर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए नाव संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध से आर्थिक संकट का सामना कर रहे नाविक परिवारों की मदद के लिए मां गंगा निषाद राज सेवा न्यास आगे आया है। संस्था की ओर से शनिवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के चेतसिंह किला हाता स्थित बाला नंद आश्रम में राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 500 नाविक परिवारों को राशन और आवश्यक सामग्री के पैकेट वितरित किए गए।
नाव संचालन बंद होने के कारण पिछले करीब 32 दिनों से नाविकों की आजीविका प्रभावित है। नाव चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में संस्था ने जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान की शुरुआत की। न्यास के पदाधिकारियों ने बताया कि राहत सामग्री वितरण अभियान का यह पहला चरण है।
प्रतिबंध का सम्मान, जरूरतमंदों की मदद प्राथमिकता
संस्था के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि नाव संचालन बंद होने से नाविक समाज के सामने आर्थिक परेशानियां बढ़ गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों का सम्मान करते हुए जरूरतमंद नाविक परिवारों की सहायता करना भी समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि संस्था से जुड़े सैकड़ों लोगों के साथ चर्चा के बाद राहत सामग्री वितरण का निर्णय लिया गया। अभियान के तहत ऐसे परिवारों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिनकी आजीविका मुख्य रूप से नाव संचालन पर निर्भर है।
प्रतिबंध जारी रहा तो आगे भी मिलेगी मदद
प्रमोद मांझी ने कहा कि यदि नाव संचालन पर प्रतिबंध आगे भी जारी रहता है और नाविक परिवारों की आर्थिक परेशानियां बनी रहती हैं, तो संस्था की ओर से जरूरतमंदों को राशन और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निषाद समाज आजीविका के संकट से जूझ रहे नाविकों के साथ तन-मन-धन से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि वाराणसी में जरूरतमंद निषाद परिवारों की सहायता के लिए न्यास आगे भी अपने स्तर से हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम में महामंत्री बबलू साहनी, उपाध्यक्ष सतनारायण साहनी, संगठन मंत्री शंभू साहनी, कोषाध्यक्ष अजीत साहनी, मंत्री राकेश साहनी, उपाध्यक्ष सरजू साहनी सहित नारायण साहनी, धीरज साहनी, संतोष साहनी और अन्य सदस्य मौजूद रहे। राहत सामग्री मिलने पर नाविक परिवारों ने संस्था के प्रति आभार जताया।