राजभाषा हिंदी को सशक्त बनाने में BLW का परचम, रेलवे बोर्ड से मिला प्रथम पुरस्कार
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) ने राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट, सृजनात्मक एवं प्रभावी कार्यान्वयन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड द्वारा संचालित रेल मंत्री राजभाषा शील्ड/ट्रॉफी एवं चल वैजयंती पुरस्कार योजना (आधार वर्ष 2024) के अंतर्गत BLW को आदर्श उत्पादन इकाई की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
हिंदी में नवाचार और गुणवत्ता को मिली राष्ट्रीय पहचान
रेलवे बोर्ड के राजभाषा निदेशालय द्वारा यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 2024 के दौरान BLW में हिंदी में किए गए उल्लेखनीय, गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी कार्यों के लिए प्रदान किया गया है। पुरस्कार स्वरूप BLW को रेल मंत्री राजभाषा शील्ड के साथ ₹14,000 (चौदह हजार रुपये) की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
रेल भवन में हुआ सम्मान समारोह
यह सम्मान 26 दिसंबर रेल भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित रेलवे बोर्ड राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के दौरान प्रदान किया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश कुमार ने BLW के महाप्रबंधक सोमेश कुमार तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी राम जन्म चौबे को यह पुरस्कार प्रदान किया।
कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम
इस अवसर पर BLW के महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार BLW में राजभाषा हिंदी के निरंतर प्रयोग, प्रोत्साहन और प्रभावी कार्यान्वयन का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान भविष्य में हिंदी को कार्य-भाषा के रूप में और अधिक सुदृढ़ एवं व्यापक बनाने के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
राजभाषा नीति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता
BLW परिवार ने इस उपलब्धि को सामूहिक प्रयास, निरंतर प्रतिबद्धता और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का परिणाम बताते हुए राजभाषा नीति के प्रति अपनी अटूट निष्ठा एवं सतत प्रयासों को दोहराया है।