काशी क्षेत्र में भाजपा का तिरंगा यात्रा अभियान शुरू, 16 जिलों में निकलेगी यात्रा
10 से 12 अगस्त तक मंडल और वार्ड स्तर पर आयोजन
13 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर होगा भव्य कार्यक्रम
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2022 में दिए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के आह्वान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार से काशी क्षेत्र में तिरंगा यात्रा अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत वाराणसी जिला एवं महानगर सहित काशी क्षेत्र के सभी 16 जिलों में मंडल और महानगर के वार्ड स्तर पर 1 से 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं 10 से 12 अगस्त तक आयोजित होंगी। इसके बाद 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में अभियान से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि सभी 16 जिलों से 13 अगस्त के कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
अशोक चौरसिया ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता के वातावरण को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभर में व्यापक जन-अभियान का रूप ले चुका है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में उत्तर प्रदेश के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि मंगल पांडेय, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, ऊदा देवी, बिजली पासी, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक वीरों ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तिरंगा उनके बलिदान और देश की स्वतंत्रता का प्रतीक है।
युवा मोर्चा की रहेगी प्रमुख भूमिका
तिरंगा यात्राओं में भाजपा युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी। इसके साथ महिला मोर्चा सहित पार्टी के सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे। 12 से 14 अगस्त तक शहीद स्थलों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि भी अर्पित की जाएगी।
14 अगस्त को मौन जुलूस और संगोष्ठियां
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर 14 अगस्त को सभी जिलों में बैनर और प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा। जिला स्तर पर संगोष्ठियां आयोजित कर विभाजन से जुड़े संस्मरणों के माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर की घटनाओं से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्र स्तर पर समिति गठित की गई है। नागेश्वर देव पांडेय को संयोजक तथा शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को सहसंयोजक बनाया गया है। समिति सभी 16 जिलों की गतिविधियों की नियमित समीक्षा करेगी। बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।