BHU के छात्रों ने प्रो. संजय गुप्ता का किया अभिनंदन, वेलनेस लॉरेट पुरस्कार मिलने पर जताया गर्व

बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर संजय गुप्ता को वेलनेस लॉरेट पुरस्कार मिलने पर बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों छात्रों ने प्रो. गुप्ता का अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया। उनके सम्मान में छात्रों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।
 

चिकित्सा विज्ञान संस्थान के संकाय अध्यक्ष को अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर किया सम्मानित, सामाजिक सेवा के कार्यों की सराहना

वाराणसी। बीएचयू के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर संजय गुप्ता को वेलनेस लॉरेट पुरस्कार मिलने पर बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों छात्रों ने प्रो. गुप्ता का अंगवस्त्रम और माल्यार्पण कर स्वागत किया। उनके सम्मान में छात्रों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।

विगत दिनों कानपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में प्रो. संजय गुप्ता को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए वेलनेस लॉरेट पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। प्रो. गुप्ता चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह निरंतर गरीबों और मानसिक रूप से बीमार लोगों की सेवा करते रहे हैं। उनके इन्हीं मानवीय कार्यों और समाज के प्रति योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। अभिनंदन समारोह में छात्रों ने कहा कि प्रो. गुप्ता की उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनके सामाजिक सरोकार और जरूरतमंदों की सेवा के प्रति समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर प्रो. संजय गुप्ता ने छात्रों के स्नेह और सम्मान के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का स्वागत और सम्मान उन्हें आगे भी समाजसेवा के कार्यों के लिए प्रेरित करता है। यह सम्मान तब और महत्वपूर्ण हो जाता है, जब आपके अपने संस्थान के लोग आपकी उपलब्धि को अपनी उपलब्धि मानकर गौरवान्वित महसूस करते हैं। कार्यक्रम में छात्रनेता देव पांडेय, सत्यम पांडेय, प्रिंस पांडेय, आशीष कुमार, अमन यादव, सत्यवीर सिंह, ओम जी सहित सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।