बीएचयू के छात्र का फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, कान में लगा था ईयरफोन
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित शीतल नगर कॉलोनी में बीएचयू के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।
जौनपुर निवासी 23 वर्षीय अभय गोपाल जायसवाल बीएचयू में जीव विज्ञान विषय का छात्र था और शिवपुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि अभय के पिता वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र स्थित भटौली गांव के पास चाय की दुकान चलाते हैं।
परिजनों के अनुसार मंगलवार रात अभय दुकान बंद करने के बाद परिवार के साथ भोजन कर अपने कमरे पर चला गया था। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों और आसपास के लोगों ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो अभय फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। बताया गया कि मृतक के कान में ईयरफोन लगा हुआ था और मोबाइल फोन भी पास में रखा था। पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।