बीएचयू छात्र पर जानलेवा हमला, पत्थरों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

सुंदरपुर क्षेत्र में बीएचयू के एक छात्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घात लगाकर बैठे करीब 10 युवकों ने छात्र को लोहे की रॉड और पत्थरों से बेरहमी से पीटा। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर उसे मृत समझकर फरार हो गए। गंभीर हालत में छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
 

वाराणसी। सुंदरपुर क्षेत्र में बीएचयू के एक छात्र पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घात लगाकर बैठे करीब 10 युवकों ने छात्र को लोहे की रॉड और पत्थरों से बेरहमी से पीटा। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने पर हमलावर उसे मृत समझकर फरार हो गए। गंभीर हालत में छात्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित छात्र मृत्युंजय दुबे ने चितईपुर पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह करौंदी क्षेत्र का निवासी है। वह किसी कार्य से सुंदरपुर गया था। निजी अस्पताल से लगभग 50 मीटर आगे पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे करीब 10 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उस पर लोहे की रॉड और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान छात्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद सभी आरोपी छात्र को मरा समझकर वहां से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।

मामले की सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। छात्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि नामजद आरोपियों में अंकित पांडेय उर्फ मामा, अजय प्रताप सिंह, प्रतीक मालवीय, अंकुर तिवारी, अमन जायसवाल और ऋषभ शामिल हैं। इनके अलावा चार अन्य अज्ञात युवकों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। पुलिस हमले के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।