बकरीद पर 28 मई को बंद रहेगी बीएचयू अस्पताल की ओपीडी, संशोधित अवकाश आदेश जारी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रशासन ने बकरीद के अवसर पर अवकाश तिथि में संशोधन करते हुए नया आदेश जारी किया है। संशोधित आदेश के अनुसार अब 28 मई को सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। पहले जारी अवकाश सूची में 27 मई को छुट्टी घोषित की गई थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि बकरीद की संभावित तिथि में बदलाव के कारण अवकाश की तारीख भी बदली गई है। इसके बाद छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को नई तिथि की जानकारी दे दी गई है। 28 मई को विश्वविद्यालय के अधिकांश विभागों और प्रशासनिक कार्यालयों में अवकाश रहेगा।
हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विभागों या संकायों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। छात्रों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।
वहीं सर सुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन सेवाएं पूर्व की तरह जारी रहेंगी। भर्ती मरीजों का उपचार, इमरजेंसी वार्ड और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।